वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

जनपद लखीमपुर खीरी की कोतवाली तिकोनियां क्षेत्र के मंडी समिति जाने वाली सड़क किनारे बसे कंजड़ मोहल्ले में एक चारपाई पर सो रहे तीन युवकों को अज्ञात ट्रक ने रौद दिया जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे युवक को हल्की फुल्की चोटें आईं। घटना से कंजड़ बस्ती में कोहराम मच गया। ट्रक चालक दुघर्टना करके ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।घटना रात करीब दो से तीन बजे की बताई जा रही है और ट्रक बेलरायां चीनी मिल की किसी सेन्टर का बताया जा रहा हैं।तिकुनियां मंडी समिति जाने वाली सड़क के किनारे कुछ गरीब लोग वर्षों से झुग्गी झोपड़ी डाल कर रह रहे हैं। शुक्रवार प्रातःकाल एक ट्रक ने सड़क किनारे एक ही चारपाई पर सो रहे तीन युवक शंकर (18), रवि (15) और विनोद (8) को रौंद दिया जिसमें शंकर व रवि की मौके पर ही मौत हो गई और विनोद घायल हो गया जिसको निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना तिकुनियां कोतवाली में दी गई। सूचना पाते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बालेन्दु गौतम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया और अज्ञात ट्रक की खोजबीन में पुलिस टीम लग गयी।
बाल-बाल बचा विनोद
‘जाको राखे साइया मार सकें न कोय’ यह कहावत आज फिर सत्यार्थ हो गई. एक ही चारपाई पर सो रहे तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे युवक विनोद के पैर में चोट आई है और वह इतने बड़े हादसे के बाद बाल-बाल बच गया।
