संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ग्वालियर यातायात पुलिस द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) इला शर्मा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के तहत थाना प्रभारी यातायात धनंजय शर्मा के नेतृत्व में गोले का मंदिर से सिल्वर स्टेट तक तथा सी.सी. बगिया तिराहे से अस्थायी चौपाटी रोड तक विशेष कार्रवाई की गई। सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी और अतिक्रमण हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुगम बनाया गया। इस दौरान नगर निगम की मदद से करीब पांच अस्थायी ढांचे हटाए गए, जो लंबे समय से बाधा बने हुए थे।
इसी क्रम में महाराज बाड़ा से रॉक्स चौराहा तक तथा हजारी चौक से किला गेट तक भी सड़क किनारे लगे अस्थायी बाजारों और ठेलों के खिलाफ कार्रवाई कर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
थाना प्रभारी धनंजय शर्मा ने अभियान में सक्रिय और सख्त नेतृत्व का परिचय देते हुए टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की। उनके नेतृत्व में यातायात पुलिस लगातार शहर में सुगम आवागमन और नियमों के पालन को लेकर प्रयासरत है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यातायात सुविधा मिल सके।

