संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

जनपद पंचायत पवई अंतर्गत ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरोध में वार्ड क्रमांक 18 से निर्वाचित जनपद सदस्य एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलेश तिवारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र पन्ना कलेक्टर के नाम जनपद पंचायत पवई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को सौंपा।
अपने इस्तीफे में कमलेश तिवारी ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ में लंबे समय से व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताएं जारी हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दीं। साथ ही सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में भी लगातार मामले उजागर होते रहे, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि पंचायत के कार्य गुणवत्ता विहीन और मनमाने तरीके से कराए जा रहे हैं तथा पंचायत की व्यवस्था निजी हाथों में सौंप दी गई है। गंगासागर मोहल्ले में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, वहीं बिना प्रस्ताव और ग्रामवासियों की सहमति के शराब दुकान खोले जाने का भी आरोप लगाया गया है। इसके अलावा खेत तालाब, बोल्डर चेकडैम जैसे विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित बताए गए हैं।
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से आहत होकर उन्होंने विरोध स्वरूप पद छोड़ने का निर्णय लिया। जनपद पंचायत कार्यालय पवई में इस्तीफा सौंपने के दौरान उनके समर्थक एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में पंचायत कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
📌 उल्लेखनीय:
कमलेश तिवारी पिछले 26 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं और पंच, उपसरपंच, सोसाइटी अध्यक्ष सहित भाजपा के विभिन्न संगठनात्मक पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।

