रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

शासन के निर्देशों के तहत नगर पालिका दमुआ ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान तेज़ कर दिया है। इसी क्रम में नगर पालिका की टीम ने फायर ब्रिगेड के साथ बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया, ताकि भविष्य में आपातकालीन स्थिति में दमकल वाहन आसानी से आवाजाही कर सके।
नगर पालिका के पीसीएमओ अजय ठाकरे, उपयंत्री के.पी. चौहान एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने बाजार रोड से लेकर बैरियर तक अतिक्रमण का जायजा लिया और विधिवत नाप-जोख की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार बिना किसी पक्षपात के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका प्रशासन ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा है कि पुराने बस स्टैंड से लेकर बैरियर रोड एवं अन्य बाजार क्षेत्रों में किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर पालिका द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के बाद बाजार क्षेत्र में दो से तीन बार साप्ताहिक रूप से फायर ब्रिगेड का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो और मार्ग हमेशा सुगम बना रहे।
नगर पालिका ने साफ किया है कि शहर के सभी प्रमुख बाजार क्षेत्रों में जल्द ही अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
