रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में शामिल होकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका के कार्यों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को उठाते हुए नगर की धरोहर बड़े तालाब और छोटे तालाब की दुर्दशा पर चिंता जताई। तालाबों में फैली जलकुंभी और उससे उठ रही बदबू के कारण आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। आरोप लगाया गया कि इस मामले में नगर पालिका उदासीन रवैया अपना रही है।
नगर में पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण दोपहिया वाहन अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े रहते हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा नगर में मनोरंजन स्थल का अभाव भी प्रमुख समस्या बताया गया।
वहीं, राणापुर क्षेत्र के ग्राम समोई स्थित बाबा देव स्थल, जो आदिवासियों का प्रमुख धार्मिक स्थल है, वहां पेयजल की समस्या को देखते हुए पाइपलाइन बिछाने और सड़क निर्माण की मांग भी की गई।
इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर डॉ. योगेश कुमार से विस्तारपूर्वक चर्चा कर शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं विधायक प्रतिनिधि निर्मल मेहता, कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौर, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनीता अलावा, बबलू कटारा, लोकेंद्र बिलवाल, आईटी सेल अध्यक्ष वसीम सैयद, गोरी कटारा, पार्षद राशिद कुरैशी, करीम शेख, वरुण मकवाना, गोलू कुरैशी, सायरा बानो, शीला भूरिया, शीला मकवाना, ममता गोयल, जितेंद्र शाह, पुनीत भानपुरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

