इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT

वरणगांव स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री हाईस्कूल, जूनियर कॉलेज एवं किमान कौशल विभाग (भुसावल तहसील) में मंगलवार, 28 अप्रैल को श्री डी. वाय. लवंडे सर एवं श्री एम. के. पाटील सर के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री एम. वी. भोईटे ने की, जबकि संचालन श्री आर. डी. तायडे सर ने प्रभावी ढंग से किया।
इस अवसर पर दोनों शिक्षकों की लगभग 35 वर्षों की दीर्घ, समर्पित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक सेवा को सम्मानित किया गया। उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए श्री एन. एस. पाटील एवं श्री एस. आर. पाटील ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि लवंडे सर एवं पाटील सर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सहकर्मियों को हमेशा मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
समारोह में दोनों शिक्षकों के परिवारजन, सहकर्मी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावनात्मक एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हुआ।

