पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (मप्र), NIT:

विकासखंड तिरला के सेक्टर सलकनपुर में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा एवं पोषण पखवाड़ा के तहत विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन के निर्देशन एवं सीडीपीओ श्री सत्यनारायण मकवाना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, समूह के अध्यक्ष-सचिव, रसोइया एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही। पर्यवेक्षक राखी देवड़ा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून भारतीय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाते हुए विधानसभा एवं लोकसभा में 33% आरक्षण सुनिश्चित करता है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए शाला पूर्व शिक्षा के अंतर्गत बाल चौपाल आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने कविता एवं कहानियों को हावभाव के साथ प्रस्तुत किया। साथ ही कला एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के संज्ञानात्मक कौशल का विकास किया गया, जिसमें उन्होंने रंगों के आधार पर वस्तुओं का वर्गीकरण किया।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। वहीं पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न पंचायतों की थीम पर आधारित पोषणयुक्त व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं, जया भाभर, पूनम शक्ति, कल्पना चौहान, शिवानी सोलंकी, गायत्री डावर, रोशनी बारिया, सुहानी मोहनिया, पायल दिलीप एवं प्राची जितेंद्र को प्रमाण पत्र, शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राखी देवड़ा, ममता चौहान, ज्योति पटेल, मनीषा भूरिया, राधिका सोलंकी, फाल्गुनी ठाकुर, बुरी मुकेश मकवाना, कोटा जगदीश, तारा नानूराम बुंदेला, गीत शांति, जितेंद्र मुनिया, पांच मोहनिया, ललिता दिनेश एवं प्रणिता देशमुख को नारी शक्ति वंदन सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता बढ़ाना, पोषण के प्रति सजगता लाना एवं बाल विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

