अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

बरेली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक स्कूल बस में अचानक आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और कोई बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना पर बृज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति (रजि.) उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में लगातार स्कूल वाहनों से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन जिला प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विनोद दीक्षित ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इन घटनाओं की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की मांग की है।

