मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार प्रतापपुरा क्षेत्र स्थित शासकीय अमृतलाल तारवाला कन्या शाला में एक दिवसीय निःशुल्क यूनानी स्वास्थ्य शिविर आयोजित रहा। शिविर का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं एवं किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम करना है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गढ़वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, शिविर के माध्यम से 135 बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर ज्वर, खांसी, वात रोग, उदर विकार, कृमि रोग तथा रक्ताल्पता आदि समस्याओं का उपचार किया गया तथा आवश्यक यूनानी औषधियाँ निःशुल्क वितरित की गईं। वहीं हीमोग्लोबिन की भी जांच की गई।
शिविर में बालिकाओं को एनीमिया से बचाव हेतु हरी पत्तेदार सब्जियाँ, मौसमी फल, गुड़ एवं आयरन युक्त आहार के सेवन की महत्ता के बारे में जानकारी दी गयी। इस दौरान यूनानी चिकित्सक डॉ. ऐजाज़ अनवर अंसारी, डॉ. भावना पाटील, श्री वसीम बैग एवं श्रीमती रंजना मांडोवकर सहित अन्य चिकित्सकों एवं स्टॉफ द्वारा सहयोग किया गया।

