अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

कांग्रेस कमेटी मथुरा के जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर ने आज जिला मुख्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराते हुए कहा कि 10 जुलाई 2025 को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में वाराणसी के जिला एवं शहर अध्यक्ष सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में जलभराव, ध्वस्त सीवर, पीड़ित दुकानदार, रोपवे,जाम से परेशान जनता, कांवड़ यात्रियों की समस्याओं के निराकरण हेतु सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने हेतु “पोल खोल पदयात्रा” निकाल रहे थे, जिस पर प्रदेश सरकार के इशारे पर स्थानीय सिगरा थाने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, जिला एवं शहर अध्यक्ष वाराणसी सहित 10 कांग्रेस जनों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यतेन्द्र मुकद्दम ने कहा कि प्रदेश की सरकार लगातार हिटलर वाली नीति पर चल रही है। प्रदेश के अफसर तानाशाही के बल पर आमजन और विपक्ष की आवाज को दबा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी योगी सरकार के इस दुराग्रहपूर्ण और दमनात्मक कार्यवाही का पुरज़ोर विरोध करती है और मांग करती है कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित 10 कांग्रेस जनों पर दर्ज फर्जी मुकदमों को तत्काल हटाया जाए। इस मौके पर जिलानी कादरी, कसान रिजवी, अबरार कुरैशी, रज्जू कुरैशी मुस्लिम कुरैशी, रूपा लवानिया, मनोज गौड़, उमा शंकर शर्मा, महेश चौबे, सुनील बाल्मीकि आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

