मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के थाना दमुआ प्रभारी प्रमोद सिरसाम ने बताया कि घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है—
दिनांक 20.03.2026 को प्रार्थी केदारनाथ यदुवंशी, पिता गमन यदुवंशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सैदालघुन्दी, थाना दमुआ, जिला छिंदवाड़ा ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के अनुसार, दिनांक 19.03.2026 को शाम करीब 06:50 बजे वह अपने बड़े पिता के पुत्र (चचेरे भाई) धनराज यदुवंशी के साथ मोटरसाइकिल से रामपुर बाजार जा रहे थे। मोटरसाइकिल धनराज चला रहे थे और केदारनाथ पीछे बैठे थे।
गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर पहुंचने पर पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात व्यक्तियों ने, जिन्होंने अपने मुंह कपड़े से ढके हुए थे, अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने किसी वस्तु से वार किया, जिससे धनराज यदुवंशी के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े।
हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण प्रार्थी वाहन का नंबर नहीं देख सका।
हमले में धनराज यदुवंशी के सिर से खून निकला तथा गिरने से उनके दाहिने गाल, कंधे और पैर की पिंडली में चोट आई। वहीं केदारनाथ को भी दाहिने पैर के अंगूठे और बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में चोट लगी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना दमुआ में अपराध कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की तलाश की गई। दिनांक 22.03.2026 को आरोपी सोनू यदुवंशी (उम्र 25 वर्ष, निवासी छिन्दी कामथ) एवं खेमलाल यदुवंशी (उम्र 36 वर्ष, निवासी सैदालघुन्दी) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सोनू यदुवंशी ने ₹15,000 देकर पीड़ित धनराज यदुवंशी की हत्या की साजिश रची थी।
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल को गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया गया है। पीड़ित को गंभीर चोटें आने के कारण प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 109, 3(5) जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जुन्नारदेव श्री सुनील वरकड़े के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

