वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

ऐतिहासिक एवं भव्य मेला चैती के शुभारंभ के शुभ अवसर पर मंचासीन अतिथि विधायक, गोला अमन गिरी, जिलाधिकारी दुर्गाशक्ति नागपाल एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा द्वारा नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ की उपस्थिति में स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर गोला टूरिज्म के अध्यक्ष विनायक श्रीवास्तव, सचिव मिलिंद शुक्ल, प्रबंधक प्रेम गुप्ता, मंत्री अनुज त्रिवेदी, समाजसेवी सत्यप्रकाश अग्रवाल, समाजसेवी अशोक सक्सेना को सम्मानित किया गया। गोला टूरिज्म संगठन ने स्वच्छता अभियान को गोला नगर में जन जन तक अपने कार्यक्रमों एवं ऑनलाइन प्रचार से पहुंचाया, फीडबैक से नगरवासियों को जोड़ा एवं स्वच्छता वॉलंटियर्स का गठन किया। जिससे स्वच्छता अभियान एवं नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ल रिंकू के स्वच्छता संकल्प को और अधिक दृढ़ता प्राप्त हुई। अग्रवाल जी एवं सक्सेना जी के अनुभव ने भी स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने में सहायता की है। गोला टूरिज्म संगठन ने नगर पालिका परिषद द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता पखवाड़ा को नई गति एवं मजबूती प्रदान की है। ज्ञात हो कि पहली बार नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ को प्रदेश स्तर पर द्वितीय एवं मंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर सभासदगण, कर्मचारीगण, पुलिस प्रशासन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

