मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा ली गई प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2003 से 2023 का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करने के साथ कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्रियों से अपना हिसाब पेश करने की मांग पर जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के प्रवक्ता शेख रुस्तम ने आक्रामक रुख इख्तियार करते हुए भाजपा पर हमला बोला है। उन्हों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास जनता के समक्ष बताने के लिए कोई उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं है, इसीलिए भाजपा अपने कार्यों के रिपोर्ट कार्ड के नाम पर कांग्रेस पर निराधार आरोप लगा रही है। कांग्रेस ज़िला अध्यक्ष रिंकू टाक ने भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का यह एजेंडा बन चुका है कि 20 वर्षों तक प्रदेश में सरकार में रहने के बाद भी उसके पास अपने रिपोर्ट कार्ड में उपलब्धियां कम और कांग्रेस पर आरोप ज्यादा हैं। कांग्रेस पर आरोप लगाकर भाजपा अपनी जवाबदेही और ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकती। कांग्रेस के प्रवक्ता शेख रुस्तम ने कहा कि बुरहानपुर में विकास की तमाम संभावनाओं के बाद भी आज प्रदेश सरकार बुरहानपुर का विकास नहीं कर सकी है । चाहे पावरलूम का क्षेत्र हो, चाहे कृषि में केले का क्षेत्र हो या फिर जिले में पर्यटन का क्षेत्र हो।
यह तीनों ही क्षेत्र बुरहानपुर की पहचान से संबंध रखते हैं और इन तीनों ही क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने बुरहानपुर के लिए कुछ नहीं किया। आज बुरहानपुर का पावरलूम उद्योग महंगी बिजली की मार झेल रहा है। केला किसान मुआवज़ा और बीमा के लिए आज तक आंदोलन कर रहे हैं। प्रदेश सरकार चुनाव के आते ही प्रदेश के अन्य ज़िलों के लिए तमाम बड़ी घोषणाएं कर रही है लेकिन बुरहानपुर के लिए कोई घोषणा या पैकेज नहीं है। जिले में विभिन्न विभागों के कर्मचारी हड़तालों पर हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं है। भाजपा सरकार के रहते जिले में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं। नेपानगर में सहकारी समिति में, आदिवासी आयुक्त विभाग में, जिला अस्पताल में, सिंधी बस्ती बाईपास में भ्रष्टाचार के मामले सामने आए जिससे जिले की छवि खराब हुई। भाजपा नेता बताएं कि पिछले 5 सालों में प्रदेश सरकार ने बुरहानपुर के लिए क्या किया है। कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय इन तथ्यों पर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करें।
