जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मप्र ), NIT;
जिले के प्रभारी मंत्री श्री लालसिंह आर्य तथा पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक ने रविवार को प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित महा वृक्षारोपण अभियान के तहत हंडिया तहसील केे प्रीमैट्रिक अनुसूचित जाति जनजाति कन्या छात्रावास में फलदार वृक्षों का रोपण करते हुए बालिकाओं एवं कर्मचारियों से उन वृक्षों को जीवित रखने हेतु उन्हें पानी एवं बडे होने तक उनकी सुरक्षा के दायित्व का निर्वहन करने को भी कहा। इसके अलावा छात्रावास का निरीक्षण करते हुए बालिकाओं के उपयोग में आने वाली सामग्री की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देष संबंधितों को दिये।
इसी प्रकार इनके द्वारा हंडिया तहसील की ग्राम पंचायत अबगांव कला में वृक्षारोपण करते हुए वृक्षारोपण के समाज पर होने वाले लाभों के बारे विस्तृत रूप से बताया । टिमरनी विकास खण्ड के ग्राम चिचोट कुटी विद्यापीठम में महा वृक्षारोपण अभियान में उन्होंने कहा कि यह हमारे मुख्यमंत्री जी की सोच का परिणाम है कि मां नर्मदा को जीवित रखने के लिए नदी के एक किलोमीटर के दायरे तक जो पेड लगेंगे उन पेडों की जडों से पानी का बूंद बूंद करके जो रिसाव होगा उससे नर्मदा अविरल बहेगी। पेड किसानों की आय का साधन बनेंगे। यह कार्य निरन्तर चलता रहेगा। गत वर्ष हरदा में 28 लाख पौधे लगाए थे । उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार में जन्मदिन, बेेटी की विदाई, शादी की सालगिरह पर पौधा लगाकर लम्बे समय तक अपनी यादों में संजोये रखेंगे।
कार्यक्रम में टिमरनी विधायक श्री संजय शाह, पूर्व विधायक एवं मंत्री श्री कमल पटेल, जिला भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष श्री अमर सिंह मीणा, कलेक्टर श्री अनय द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य प्रताप सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी गण मौजूद रहे।
