मावठ, शीतलहर और कोहरे से जन-जीवन अस्त व्यस्त | New India Times

हरकिशन भारद्वाज, ब्यूरो चीफ, सवाई माधोपुर (राजस्थान), NIT:

मावठ, शीतलहर और कोहरे से जन-जीवन अस्त व्यस्त | New India Times

नए साल से ही मौसम ने करवट बदल ली है, जिले के अधिकतर हिस्सों में मावठ, शीतलहर व कोहरे से जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। कोहरे और हाड़ कंपाऊ सर्दी ने सुबह से शाम तक लोगों को घरों में कैद रखा। बच्चे हों या बुजुर्ग हर कोई सर्दी से कंपकंपा उठा, गलन भरी सर्दी ने हर किसी को कंपा दिया है।

जिले में रूक-रूक कर हुई बारिश

मौसम का मिजाज बदलने से जिले में कल सुबह से शाम तक कई हिस्सों में दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में रूक-रूक कर बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली गर्जन के साथ थोड़ी देर तेज बारिश भी हुई। ऐसे में लोग दिन में धूप निकलने का इंतजार करते रहे लेकिन सूर्यदेव भी बादलों के आगोश में लिपटे रहे। जिला मुख्यालय पर सुबह से कोहरा छाया रहा। लेकिन करीब नौ बजे बाद बूंदाबांदी शुरू हुई। इसके बाद बारिश रूक गई। लेकिन फिर 12 बजे बाद व एक बजे थोड़ी देर बारिश हुई। बारिश से शहर की सड़के भीग गईं।

मावठ से किसानों के खिले चेहरे

जिले में मावठ के साथ सर्दी बढ़ने से गेहूं, सरसों, चना में ज्यादा फायदा होगा। ऐसे में आगे भी यदि मावठ होती है तो किसानों के लिए अमृत के समान होगी लेकिन यदि ओलावृष्टि होती है तो आलू, टमाटर, गोभी, मिर्च सहित अन्य कई सब्जियों की पौध में बारिश से नुकसान होने का अंदेशा है। कृषि विभाग के अनुसार इन दिनों हो रही मावठ व सर्द हवा से लगभग सभी फसलों को फायदा मिलेगा।

अलाव पर हाथ सेंकते नजर आए लोग

जिले में बेमौसम बारिश व कोहरे व ठंडी हवा चलने से सर्दी में तेजी आई है। ऐसे में शनिवार को लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेकर हाथ सेंकते नजर आए। इसी प्रकार दिनभर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

वाहन चालकों को जलानी पड़ी हैडलाइट

जिले के शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में हाइवे पर कोहरे के चलते सुबह वाहन चालकों को हैडलाइट जलानी पड़ी। दूर-दूर तक कोहरे का असर होने से वाहन चालक भी धीमी रफ्तार से ही वाहन चलाते दिखे।

जिले में मावठ व शीतलहर से फसलों को फायदा है लेकिन आगामी दिनों में यदि तेज बारिश व ओलावृष्टि होती है तो टमाटर, मिर्च, गोभी की पौध में नुकसान होगा। फिलहाल मावठ से सभी फसलों का अमृत मिलेगा: चन्द्रप्रकाश बढ़ाया, सहायक निदेशक, कृषि विस्तार सवाईमाधोपुर।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article