गुलशन परूथी, दतिया (मप्र), NIT:

संभागीय कमिश्नर श्री आशीष सक्सैना ने दतिया जिले के भाण्ड़ेर विधानसभा (अ.जा.) उपनिर्वाचन 2020 के लिए 3 नवम्बर को होने वाले मतदान हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत कार्य करें। ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन हो।
संभागायुक्त श्री आशीष सक्सैना ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भलीभाँति अध्ययन कर लें और उनका सख्ती से पालन करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की गाइडलाईन का भी पालन किया जाए। मतदान केन्द्रों पर मतदान करने वाले हर मतदाता की थर्मल स्क्रीनिंग की जाए और उनके हाथों को सेनेटाइज कराया जाए। इसके अलावा मास्क नहीं लाने पर मास्क प्रदाय किए जाएँ। साथ ही ग्लब्स भी उपलब्ध कराए जाएँ। मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर बैठने की व्यवस्था के लिये शामयाना लगाया जाए, जिसमें बैठने के लिये कुर्सी रहें। साथ ही पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
संभागायुक्त श्री सक्सैना ने निर्देश दिए कि उपचुनाव में मतदान का समय प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। इसलिये मतदान केन्द्रों पर प्रकाश की भी व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान कर्मियों को मिलने वाला मानदेय भी समय पर उपलब्ध हो जाए। उन्होंने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण, डाक मत पत्र, सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण, वेबकास्टिंग, पेड न्यूज, उम्मीदवारों के आपराधिक प्रकरणों के विज्ञापन का प्रकाशन, वाहनों की व्यवस्था एवं कम्युनिकेशन प्लान की भी समीक्षा की।
