मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला कांग्रेस कमेटी, बुरहानपुर के अध्यक्ष श्री अजय सिंह रघुवंशी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र प्रेषित कर मक्का को समर्थन मूल्य पर खरीदने हेतु आदेशित करने का निवेदन किया है। श्री अजय रघुवंशी ने कहा कि मण्डियां बन्द पड़ी हैं, किसानों की कोई भी फसल बिक नहीं पा रही है, उनकी फसलों को उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ शराब दुकान बराबर खुल रही है। कोरोना को किसानों से तो बराबर खतरा बना हुआ है किंतु शराबियों से बिल्कुल भी नहीं है।
एक तरफ कोरोना का कहर तो दूसरी तरफ उचित मूल्य ना मिलने से किसान हताश औेर परेशान हैं।
उल्लेखनीय है, कि बुरहानपुर जिले में मक्के की फसल बहुतयात में होने लगी है जिसके चलते गत वर्ष कांग्रेस सरकार द्वारा मक्के को समर्थन मूल्य पर खरीद कर उसके दाम 1700 से 1800 रु.प्रति क्विंटल दिया गया जबकि इस वर्ष किसान मात्र 700-800 रु में बेचने को मजबूर हैं। जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष अजय रघुवंशी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से निवेदन किया है, कि मक्के को समर्थन मूल्य पर ही खरीदने के आदेश तत्काल जारी करें एवं उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य प्रदान करें ताकि इस बीमारी के कारण उन्हें हो रहे आर्थिक नुकसान से उन्हें कुछ राहत प्राप्त हो सके।
