बरखा श्रीवास्तव, ग्वालियर (मप्र), NIT:

रोशनी घर इन्दरगंज के पास स्थित पेंट एवं पीओपी, पुट्टी आदि की दुकान में सोमवार को अचानक आग लगने के कारण गोयल परिवार के 7 लोगों की जलकर दु:खद मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रूपए के मान से कुल 28 लाख की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की थी जो आज मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री कमल माखीजानी एवं पूर्व विधायक श्री मुन्नालाल गोयल, एसडीएम लश्कर श्री सी बी प्रसाद सहित जनप्रतिनिधियों ने इंदरगंज में मृतकों के निवास पहुँचकर परिजनों से घटना के संबंध में चर्चा कर राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत कुल 28 लाख की आर्थिक सहायता राशि के पत्र प्रदान किए।
कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं पूर्व विधायक ने परिजनों से घटना के संबंध में चर्चा करते हुए घटना को दु:खद बताते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटना न हो, इसके लिये विशेष प्रबंध किए जायेंगे। अग्निकांड के कारण जो अन्य क्षति हुई है।
इंदरगंज के पास सोमवार को पेंट एवं पीओपी पुट्टी की दुकान में हुए अग्निकांड के दौरान महेश बाथम पुत्र गणेशराम बाथम द्वारा अपनी जान की परवाह किए बिना एक 6 वर्ष की बच्ची को सुरक्षित निकालकर लाया गया। इस साहसिक कार्य के लिये कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने 11 हजार रूपए पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है, जबकि पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने श्री बाथम को 5100 रूपए की राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान कर कार्य की सराहना की।
