सीकर में हनीट्रैप गैंग का पर्दाफाश, दो चचेरे भाई गिरफ्तार; मास्टरमाइंड युवक और युवती की तलाश जारी | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

सीकर में हनीट्रैप गैंग के दो आरोपियों को उद्योग नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चचेरे भाई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर जयपुर के एक होटल कारोबारी को सीकर के फ्लैट पर बुलाकर उसके साथ मारपीट की और लूटपाट की। पुलिस अब इस मामले के कथित मास्टरमाइंड अनिल, युवती और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि जयपुर निवासी एक होटल कारोबारी ने 18 अक्टूबर को इस संबंध में मामला दर्ज करवाया था। शिकायत के अनुसार, कारोबारी की इंस्टाग्राम पर संजना कल्याण नाम की युवती से बातचीत होती थी। युवती ने 17 अक्टूबर को उसे मिलने के लिए सीकर बुलाया और यूनिक अनमोल रेजिडेंसी स्थित एक फ्लैट की लोकेशन भेजी। इसके बाद होटल कारोबारी बताए गए पते पर पहुंच गया।

पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चूरू जिले के सिद्धमुख क्षेत्र के चुबकीयागढ़ में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने निरंजन उर्फ निंजू (21), पुत्र विनोद जाट, और उसके चचेरे भाई निखिल जाट (20), पुत्र सुरेश, को गिरफ्तार कर लिया।

8 से 10 युवकों ने फ्लैट में की मारपीट और लूटपाट

पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि फ्लैट पर पहुंचने के करीब 10 से 15 मिनट बाद वहां 8 से 10 युवक आए। उन्होंने युवती को बाहर भेज दिया और कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने कनपटी पर पिस्टल लगाकर सोने की चेन, अंगूठी, कड़ा, आईफोन 17 प्रो और 25 हजार रुपये नकद लूट लिए।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने धमकी देते हुए दो लाख रुपये और देने को कहा। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनका एक आदमी होटल पर आएगा और उसे पैसे दे देने होंगे। पैसे नहीं देने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मास्टरमाइंड और युवती ने बनाया था पूरा प्लान

पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी निरंजन हनीट्रैप गैंग के कथित मास्टरमाइंड अनिल का परिचित है। आरोप है कि अनिल और उसके पड़ोसी गांव में रहने वाली एक युवती ने मिलकर पूरी योजना बनाई थी। युवती ने इंस्टाग्राम पर होटल कारोबारी से बातचीत कर उसे सीकर बुलाया था।

पुलिस के मुताबिक, अनिल ने निरंजन, निखिल और अपने अन्य साथियों को पहले ही सीकर बुला लिया था। जैसे ही होटल कारोबारी फ्लैट पर पहुंचा, कुछ मिनट बाद ही अन्य आरोपी वहां आ गए और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने सोशल मीडिया पर संजना कल्याण नाम की युवती से बातचीत होने की जानकारी दी है। हालांकि, पुलिस को आशंका है कि युवती का वास्तविक नाम कुछ और हो सकता है। मामले में कथित मास्टरमाइंड अनिल, संबंधित युवती और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.