सद्दाम हुसैन, लखनऊ (यूपी), NIT:

मोहनलालगंज-कानपुर रोड स्थित सड़क के किनारे लिप्टिस की बाग में संदिग्ध परिस्थिति में पेड़ पर लटकता हुआ एक शव मिला है। पेड़ पर शव लटके होने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने प्रयास किए लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को थाना क्षेत्र मोहनलालगंज के गांव भागू खेड़ा के निकट लिप्टिस की बाग में पेड़ से एक युवक का शव लटकता देखा गया। खबर मिलते ही आस-पास के गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और देखा कि युवक का शव एक पेड़ की डाल से गमचे के सहारे लटक रहा है। युवक के शरीर पर शर्ट और पैंट था, उसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जाती है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल मोहनलालगंज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई मुन्नालाल व सचिन सिंह के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और काफी देर तक शिनाख्त का प्रयास किया गया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। घटना से क्षेत्र वासियों में हड़कंप का माहौल है। पुलिस की तलाशी में युवक की जेब से मात्र पचास रुपए व बीड़ी माचिस बरामद हुई है और किसी प्रकार के कागजात या फिर मोबाइल आदि नहीं मिला है। एसआई मुन्ना लाल ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही स्थिति का पता लग सकेगा।
