अविनाश द्विवेदी/विजय भदौरिया, भिंड (मप्र), NIT:

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ मतगणना की जायेगी, मतगणना स्थल पर सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना कक्षों सहित स्ट्रांग रूम से लेकर उन गलियारों में भी सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जायेंगे जहाँ से होकर ईवीएम गणना कक्ष तक पहुँचेंगीं। यह जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जे विजय कुमार ने कलेक्टर कार्यालय के सभागार में सभी प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधियों की बैठक में दी और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल कुमार चांदिल, सीईओ जिला पंचायत श्री आरपी भारती, सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी, प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जे विजय कुमार ने कहा कि मतगणना का कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकगणों की मौजूदगी में पूरी निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया जायेगा। उन्होंने प्रत्याशियों एवं उनके प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने गणना अभिकर्ताओं (एजेण्ट) को भी निर्देशों की जानकारी दें कि गणना कक्ष में अपने निर्धारित स्थान पर ही बैठें और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा हर गणना टेबल पर मतों की गिनती के बाद अभिकर्ताओं के हस्ताक्षर कराकर उन्हें परिणाम के गणना पत्र दिए जायेंगे। इसी प्रकार गणना के हर राउण्ड की गिनती का पत्रक प्रत्याशी व उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को मुहैया कराया जायेगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भिण्ड जिले में भी लोकसभा निर्वाचन में डाले गए मतों की गिनती 23 मई को प्रातः 8 बजे शासकीय एमजेएस महाविद्यालय भिण्ड में शुरू होगी। मतगणना दिवस को स्ट्रांग रूम प्रेक्षकगण एवं प्रत्याशियों व उनके अभिकर्ताओं की मौजूदगी में खोले जायेंगे। जिले के हर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 14 टेबलों पर मतगणना होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 5 मतदान केन्द्र के वीवीपैट की पर्चियों की गिनती रेण्डम रूप से अनिवार्यतः की जायेगी।
अधिकृत प्रवेश पत्र के आधार पर ही मिलेगा प्रवेश
मतगणना परिसर में अधिकृत प्रवेश पत्र के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। विधानसभावार प्रत्याशियों व उनके अभिकर्ताओं को संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा प्रवेश पत्र जारी किए जायेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश पत्र के रंग अलग-अलग होंगे।
पहले डाक मत पत्रों की गिनती शुरू होगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के मुताबिक 23 मई को प्रातः 8 बजे पहले डाक मत पत्रों एवं सेवा मतदाताओं द्वारा भेजे गए मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए एक मतगणना एजेण्ट की नियुक्ति अलग से की जा सकती है। डाक मत पत्रों की गिनती के समय संवीक्षा की जायेगी। यदि कोई गलती मिलती है या मत पत्र क्षतिग्रस्त पाया जाता है तो उसे रद्द कर दिया जायेगा।
