हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

सीतापुर जिला में शुक्रवार देर रात हल्की बारिश के बीच आई धूल भरी आंधी से जिले में जनहानि की खबर तो नहीं है पर बिजली व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। शनिवार को दिनभर कर्मी बिजली फाल्ट दुरुस्त करते रहे वहीं कुछ जगह पेड़ या शाखाएं टूटकर गिरने से रास्ता बाधित रहा है। शहर व कस्बा क्षेत्र की दुकानों के सामने टिन शेड उड़ गए। मांगलिक कार्यक्रम भी अस्त-व्यस्त रहे।
लहरपुर : आंधी से तहसील क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। कस्बा सहित ग्रामीण इलाके की बिजली शुक्रवार रात से गुल है। शनिवार सुबह से ही बिजली को दुरुस्त करने में जुटे कर्मचारी दोपहर तक कस्बे में दोबारा आपूर्ति बहाल करने में सफल हो सके हैं। एसडीओ प्रहलाद नरायन ने बताया कि दुरुस्तीकरण का काम चल रहा है।
सिधौली : आंधी तूफान के साथ हुई छुटपुट बूंदाबांदी से एक ओर जहां लोगों को बढ़ते तापमान से कुछ राहत मिली, वहीं दूसरी ओर आंधी से बागों में आम फसल का काफी नुकसान हुआ है। कच्चे आम गिरने से बागवान परेशान हैं। इस बार आम की फसल कम होने से किसानों व व्यापारियों को पहले से ही नुकसान की संभावना भयभीत कर रही थी।
मिश्रिख : कस्बे से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक शनिवार दोपहर तक बिजली गुल रही। कुतुबनगर में बिजली का एक पोल भी टूट गया है। आंधी तेज होने से खेत में लगा भूसा उड़ गया है। क्षेत्र में आम की बागों में काफी नुकसान हुआ है। कच्चा आम टूटने से बागवानों का नुकसान उठाना पड़ा है। एसडीएम राजीव पांडेय ने बताया कि, सभी जगहों पर सर्वे कराया जा रहा है। अभी तक जनहानि या रास्ता बाधित होने की खबर नहीं आई है।
पिसावां : आंधी से कई स्थानों पर पेड़ की डालें टूटने से बिजली के तार टूट गए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित है। ठकुरेपुर व बिचपरिया गांव में बिजली के तार पर पेड़ की डाल टूटकर गिर गई, इससे बिजली आपूर्ति बाधित है। पूरे दिन लाइनमैन बिजली को दुरुस्त करने में लगे रहे। संत सूरज बाबू सिंह डिग्री कॉलेज के सामने लगा नीम का पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गया है।
हरगांव : धूल भरी तेज आंधी आने से कस्बे की दर्जन भर दुकानों की टीनशेड उड़ गये। पेड़ों की शाखाएं भी टूटी हैं। वहीं कस्बे में कई जगह चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम भी अस्त-व्यस्त हो गए। तेज हवा के कारण कई जगह पंडाल उखड़ गए और बिजली गुल रही।
