अविनाश द्विवेदी/विजय भदौरिया, भिंड (मप्र), NIT:

जिला चिकित्सालय भिंड एक बार फिर से कायाकल्प अवार्ड लेने की राह पर चल पड़ा है। आज कायाकल्प अवार्ड की राज्य स्तरीय टीम ने जिला चिकित्सालय का बिंदुवार निरीक्षण किया और देखा कि मरीजों को किस प्रकार से सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन अजीत मिश्रा टीम के साथ मौजूद रहे। आज जिला चिकित्सालय में विशेष साफ-सफाई के इंतजाम किए गए थे और जो भी व्यवस्थाएं टीम को दिखाई गई वह किसी अंतर्राष्ट्रीय चिकित्सालय से कम नहीं लग रही थी। अब देखना यह है कि तीन बार प्रदेश में कायाकल्प अवार्ड में प्रथम स्थान पर रहने वाला भिंड जिला अस्पताल चौथी बार यह अवॉर्ड ले पाएगा या नहीं। मुख्य निरीक्षक प्रशांत नायक ने एक सवाल के जवाब में जिला चिकित्सालय की सभी व्यवस्थाओं को 10 में से 9 अंक दिए।
