हनीफ खान, ब्यूरो चीफ सोनभद्र (यूपी), NIT:

रेणुकूट नगर में स्थित श्रमिकों के संगठन राष्ट्रीय श्रमिक संघ के कार्यालय पर कब्जे का विवाद समाप्त हो गया है और उपजिलाधिकारी दुद्धी द्वारा दिए गए आदेश में चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय श्रमिक संघ के कार्यालय पर अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह व मंत्री करुणेश शुक्ला के नेतृत्व में बनी कार्यकारिणी को 7 दिनों के अंदर कब्जा दिलाया जाए। अरविंद सिंह के नेतृत्व में बनी कमेटी को उच्च न्यायालय द्वारा मान्यता दे दी गई है इसलिए अब इसमें कोई विवाद नहीं रह गया है। उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले के बाद उपजिलाधिकारी ने भी कार्यालय पर दिए गए स्थगन आदेश को वापस ले लिया है और चौकी प्रभारी को एक सप्ताह के अंदर अरविंद सिंह के नेतृत्व में बनी कार्यकारिणी को कार्यालय पर कब्जा दिलाने को आदेशित किया है। राष्ट्रीय श्रमिक संघ के कार्यालय पर कब्जे को लेकर काफी दिनों से दो गुटों में तनातनी चल रही थी और मामला उच्च न्यायालय में भी लंबित था। उच्च न्यायालय का आदेश आने के बाद अरविंद सिंह आदि ने कार्यालय पर कब्जा दिलाने के लिए उपजिलाधिकारी दुद्धी को प्रार्थना पत्र दिया था जिसपर विपक्षी तेजबली सिंह आदि द्वारा आपत्ति दाखिल की गई थी मगर विपक्ष के सभी तर्कों को खारिज करते हुए उपजिलाधिकारी दुद्धी ने अरविंद सिंह के नेतृत्व में बनी कार्यकारिणी को कब्जा दिलाने के लिए चौकी प्रभारी को आदेश दिया है।
