मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर/भोपाल (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार भंग होने से मध्यप्रदेश मदरसा बोर्ड भोपाल के अध्यक्ष प्रोफेसर इमादुद्दीन (राज्य मंत्री दर्जा) ने नैतिकता के आधार पर मदरसा बोर्ड अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र मध्यप्रदेश की महामहिम राज्यपाल को भेज दिया है। सोशल मीडिया पर इस की प्रति सार्वजनिक की गई है। उल्लेखनीय है कि प्रोफेसर इमादुद्दीन को मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंद कुमार सिंह चौहान के अत्यंत क़रीबी होने से इस पद पर विराजमान कराया गया था। अब चूंकि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार का गठन होने को है अतः स्वस्थ्य राजनैतिक परंपरा के चलते नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र देना अच्छा क़दम कहा जा सकता है। अन्यथा नई सरकार अपने प्रिय नेताओं को उपकृत करने के लिए ऐसे संस्थान को भंग करने की राजनैतिक परंपरा है।
