10 दिनों से सूखे पड़े नल, शिव मंदिर वार्ड के ग्रामीण नल-जल मिशन के लाभ से वंचित | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 3 (शिव मंदिर क्षेत्र) में पिछले लगभग 10 दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें बारिश के मौसम में भी नदी और हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। कई परिवार घरों के आंगन में बड़े-बड़े बर्तन रखकर वर्षा जल संग्रह करने को मजबूर हैं। महिलाओं ने बताया कि जब बारिश होती है तो वे छत से गिरने वाले पानी का उपयोग नहाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए करती हैं, क्योंकि बारिश के दौरान नदी तक जाना जोखिम भरा होता है और फिसलने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि नल-जल मिशन की पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन वार्ड क्रमांक 3 के शिव मंदिर क्षेत्र तक पानी नहीं पहुंचता। इसके कारण इस वार्ड के निवासी नल-जल मिशन योजना के लाभ से वंचित हैं।

वार्ड क्रमांक 3 के ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर उन्हें नल-जल मिशन के तहत नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.