राकेश यादव, ब्यूरो चीफ़, सागर (मप्र), NIT:
जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पथरिया जाट से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अंतिम संस्कार के बाद श्मशान घाट से मृतक की अस्थियां और राख गायब मिलने से परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से की गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पथरिया जाट निवासी 86 वर्षीय जगन सूर्यवंशी का 28 जुलाई को निधन हो गया था। उसी दिन परिजनों ने स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया। परंपरा के अनुसार, अगले दिन जब परिजन अस्थि-संग्रह के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां न तो अस्थियां मिलीं और न ही राख। यह देखकर परिजन स्तब्ध रह गए।
मृतक के पुत्र मोहन सूर्यवंशी ने बताया कि 28 जुलाई को उनके पिता का अंतिम संस्कार किया गया था। अगले दिन जब वे अस्थियां लेने पहुंचे, तो वहां कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों के उद्देश्य से अस्थियां और राख उठा ली हों।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

