मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव थाने की सरकारी सुरक्षा दीवार को बिना पूर्व सूचना के तोड़े जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दीवार तोड़े जाने से थाने परिसर में जब्त कर रखे गए बड़ी संख्या में दुर्घटनाग्रस्त एवं विभिन्न अपराधों से संबंधित वाहनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह दीवार जब्त संपत्ति की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण थी। दीवार हटने के बाद अब थाने का परिसर आर-पार दिखाई दे रहा है, जिससे जब्त वाहनों एवं अन्य संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय पुलिस महकमे में भी इस मामले को लेकर नाराजगी बताई जा रही है।
सवाल यह उठ रहा है कि बिना संबंधित विभाग को पूर्व सूचना दिए सरकारी दीवार कैसे तोड़ी गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।
मामले में पक्ष जानने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

