दमुआ में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, पुलिस प्रशासन और अनुष्का एनजीओ ने नुक्कड़ नाटक से किया जनजागरण | New India Times

रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दमुआ में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, पुलिस प्रशासन और अनुष्का एनजीओ ने नुक्कड़ नाटक से किया जनजागरण | New India Times

समाज को नशामुक्ति का सशक्त संदेश देने के उद्देश्य से नया बस स्टैंड परिसर में पुलिस प्रशासन एवं अनुष्का एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में “नशे से दूरी, है ज़रूरी” अभियान के अंतर्गत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शराब, सिगरेट एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों को गीत, संवाद और जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों और समाजसेवियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक झलक तब देखने को मिली, जब पीएम श्री कन्या विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भीषण गर्मी और तेज धूप की परवाह किए बिना अपना भोजन अवकाश त्यागकर पूरे उत्साह और धैर्य के साथ कार्यक्रम में अंत तक भाग लिया। छात्राओं और महिलाओं के इस समर्पण की सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

इस जनजागरण अभियान में एसडीओपी पूनम पाटिल, थाना प्रभारी (टीआई) प्रमोद सिरसाम एवं समस्त पुलिस बल, अनुष्का एनजीओ की जीतिका विश्वकर्मा एवं संस्था की महिला कार्यकर्ताओं, क्षेत्र के समाजसेवियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी पूनम पाटिल ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रही महिलाओं और छात्राओं के उत्साह एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “कला और नुक्कड़ नाटक समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। ‘नशे से दूरी, है ज़रूरी’ का यह संदेश हर घर तक पहुंचे और समाज को नशामुक्त बनाने की प्रेरणा देता रहे, यही हमारा उद्देश्य है।”

यह आयोजन न केवल लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने में सफल रहा, बल्कि समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुआ।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.