मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार एवं माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुरहानपुर श्रीमती विधि सक्सेना के निर्देशानुसार तथा श्री प्रेमदीप सांकला, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुरहानपुर के पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) को सीआईएस (CIS) एवं साइबर सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुरहानपुर श्रीमती विधि सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने उपस्थित पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) को प्रशिक्षण विषय की गंभीरता, वर्तमान समय में उसकी आवश्यकता एवं उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रेमदीप सांकला, व्यवहार न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पैरालीगल वॉलंटियर्स डिजिटल रूप से सशक्त होकर जरूरतमंद लोगों की सहायता कर सकेंगे। वे न्यायालयीन प्रकरणों की तिथि एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने तथा प्रकरणों से संबंधित दस्तावेजों की प्रतिलिपि ऑनलाइन उपलब्ध कराने में भी सहयोग कर सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री राजेश नागले, जूनियर सिस्टम एनालिस्ट ने उपस्थित पीएलवी को सीआईएस तथा जिला न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के प्रकरणों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। इसके उपरांत श्रीमती मनीषा दीक्षित, एसआई, साइबर सेल, जिला बुरहानपुर ने साइबर फ्रॉड से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री अनुपमा मुजाल्दे, जिला विधिक सहायता अधिकारी ने किया।
इस अवसर पर जिला न्यायालय के कंप्यूटर अनुभाग से श्री आकाश, श्री परमेश्वर, साइबर सेल से श्री दुगेश पटेल सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

