हज 2027 आवेदन की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ी, आज़मीन-ए-हज अब चार दिन और भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

हज कमेटी ऑफ इंडिया, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार ने हज-2027 (1448 हिजरी) के इच्छुक आवेदकों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 24 जुलाई 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक कर दी है। यह जानकारी ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसाइटी की मध्यप्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष हाजी मतीन अजमल ने दी।

हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शाहनवाज़ सी. (आईएएस) के हस्ताक्षर से 20 जुलाई 2026 को जारी सर्कुलर के अनुसार, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की हज समितियों तथा उन आवेदकों के अनुरोध पर यह निर्णय लिया गया है, जिन्हें पासपोर्ट समय पर प्राप्त नहीं होने के कारण आवेदन करने में कठिनाई हो रही थी। हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।

सर्कुलर के अनुसार, हज-2027 के लिए डिजिटल कुर्रा (लॉटरी) का आयोजन 30 जुलाई 2026 को प्रातः 11:00 बजे हज कमेटी ऑफ इंडिया, हज हाउस, मुंबई में किया जाएगा। इस प्रक्रिया का सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) भी किया जाएगा। कुर्रा के बाद प्रोविजनल चयनित एवं प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के आवेदकों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा चयनित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।

प्रोविजनल रूप से चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक ₹1,52,300 की अग्रिम हज राशि जमा कराना अनिवार्य होगा। साथ ही हज कमेटी ने सभी राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश हज समितियों को संशोधित सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा हज आवेदनों की जांच एवं कवर जनरेशन की प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

शाही जामा मस्जिद बुरहानपुर के युवा मुतवल्ली एवं युवा धार्मिक विद्वान हज़रत सैयद मोहम्मद अनवर उल्लाह बुखारी साहब क़िब्ला की सरपरस्ती, निगरानी एवं मार्गदर्शन में बुरहानपुर में हज आवेदन के संबंध में निःशुल्क मार्गदर्शन एवं ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए मंडी पावर हाउस के पास स्थित अंजुमन खुद्दामुल हुज्जाज कार्यालय तथा रोशन चौक स्थित परफेक्ट ग्राफिक्स पर कमेटी के ज़िम्मेदार सदस्य अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

अंजुमन खुद्दामुल हुज्जाज कार्यालय में हाजी मोहम्मद अली अंसारी उर्फ दादा, अब्दुल रज्जाक सिद्दीकी एवं क़दीर मोहम्मद से तथा परफेक्ट ग्राफिक्स, रोशन चौक पर हाजी मतीन अजमल एवं मोहम्मद शाहिद उर्फ शानू से संपर्क कर निःशुल्क मार्गदर्शन एवं हज आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.