हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:
मड़िहान तहसील के नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) संतोष कुमार ओझा ने बुधवार को तहसील पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। पूर्व एसडीएम अनेग सिंह का बीती रात चुनार तहसील में स्थानांतरण होने के बाद अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे संतोष कुमार ओझा को मड़िहान तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत एसडीएम ने तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वादकारियों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी तालाबों, खलिहानों तथा अन्य सार्वजनिक भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों के फर्जी निस्तारण या गलत आख्या प्रस्तुत करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

