अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष नगर में हुए चर्चित अंधे दोहरे हत्याकांड का भोपाल पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जोन-01 और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले के दो मुख्य आरोपियों, सगे भाई श्रीकांत चिचलिया और शशीकांत चिचलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों ने मृतक दंपत्ति हेमंत फिलेमोन और शकुंतला फिलेमोन की करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से पहले छलपूर्वक मकान का दान-पत्र (गिफ्ट डीड) अपने नाम कराया और फिर योजनाबद्ध तरीके से दोनों की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। करीब 20 पुलिस टीमों ने लगातार जांच करते हुए 1,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की तथा मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन, डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गौरतलब है कि ओल्ड सुभाष नगर स्थित मकान में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति के घर से दुर्गंध आने पर किरायेदार ने डायल-112 और ऐशबाग थाना पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हेमंत फिलेमोन को पलंग पर और उनकी पत्नी शकुंतला फिलेमोन को बैठक में मृत अवस्था में पाया। घटनास्थल से कारतूस के खोखे, बुलेट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद हुए थे, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने वे ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। प्रारंभिक विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने धोखाधड़ी से मृतक दंपत्ति की संपत्ति अपने नाम कराने के बाद उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक द्वारा आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि इस पूरे षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी:-
1 श्रीकांत चिचलिया, पिता स्व. चन्द्रकांत चिचलिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी मकान नं. 231, बिडसर पाम कॉलोनी, कजली खेड़ा, भोपाल। प्रोपर्टी ब्रोकर 12 वी
2 शशीकांत चिचलिया, पिता स्व. चन्द्रकांत चिचलिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी मकान नं. 231, बिडसर पाम कॉलोनी, कजली खेड़ा, भोपाल। फिजियोथेरिपिस्ट छात्र पढाई
इस महत्वपूर्ण सफलता में जोन-01 और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के सपुआ उमेश तिवारी,सपुआ चन्द्रभान सिंह चढ़ार,सपुआ सुजीत तिवारी,सपुआ बिट्टू शर्मा,निरी.संदीप पवार,निरी,संजीव चौकसे,निरी.शिल्पा कौरव, निरी.अनुराग लाल, निरी.नीतू कुंशारिया, निरी. राजन सिंह अहिरवार,निरी.सुरेश फरकले,निरी. श्रीनाथ झरबडे,निरी.महेन्द्र सिंह राठौर,निरी.उनि रासबिहारी शर्मा,उनि लक्ष्मण राय,उनि राघवेन्द्र सिंह,उनि नितिन पटेल,उनि गोविंद यादव,उनि सूरज रंधावा,उनि पारस सोनी,उनि कलीमउद्दीन,उनि अंकित शर्मा ने सराहनीय भूमिका निभाई।

