शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:
रॉबर्ट्सगंज-मिर्जापुर मार्ग पर खैराही स्टेशन के समीप मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई।
मृतकों की पहचान सुनील कुमार पाल (22 वर्ष), पुत्र शिवशंकर पाल, निवासी ग्राम कलवारी, थाना राजगढ़ तथा मुन्ना, पुत्र रामअवध, निवासी ग्राम धुरकर, थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:30 बजे दोनों युवक रॉबर्ट्सगंज से अपने गांव लौट रहे थे। खैराही स्टेशन के समीप उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह हादसा सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक की टक्कर के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

