मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
शहर में हुई पहली बारिश के बाद कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजयसिंह रघुवंशी ने नगर निगम और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में लंबे समय से भाजपा का शासन होने और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाने के बावजूद पहली ही बारिश में शहर की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई।
अजयसिंह रघुवंशी ने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले नगर निगम द्वारा नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के दावे किए गए थे। साथ ही नालों के निर्माण एवं सुधार पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन पहली ही बारिश में शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से इन दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि गांधी चौक, शनवारा, बुधवारा, हरीरपुरा, लोहार मंडी सहित शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, यह स्थिति नगर निगम की तैयारियों और योजनाओं की वास्तविकता को उजागर करती है।
रघुवंशी ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल आगामी नगर परिषद की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा और नालों की सफाई एवं निर्माण पर हुए खर्च का पूरा हिसाब मांगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो इस मामले की शिकायत लोकायुक्त से भी की जाएगी।

