रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा नगर परिषद मेघनगर, जिला झाबुआ के 33 तीर्थयात्रियों का चयन किया गया है। गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय मेघनगर में आयोजित कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार, पार्षद संतोष परमार (विक्की बना) एवं नवागत सीएमओ लालसिंह राठौर की उपस्थिति में सभी तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों के लिए एक सराहनीय पहल है। जिन परिवारों के लिए अपने बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराना संभव नहीं हो पाता, उनके लिए राज्य सरकार यह ज़िम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान परिवहन, भोजन, नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था शासन द्वारा की गई है। उन्होंने सभी यात्रियों से यात्रा का आनंद लेने तथा प्रदेश, नगर और मुख्यमंत्री के लिए मंगलकामना करने का आग्रह किया।
नवागत सीएमओ लालसिंह राठौर ने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगमता से संपन्न हो सके।
नगर परिषद मेघनगर की ओर से सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी गईं। सभी श्रद्धालु शुक्रवार, 26 जून 2026 को सुबह 6 बजे मेघनगर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए रवाना होंगे।

