रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेघनगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके प्रथम आगमन पर बीएमओ डॉ. विनोद नायक, डॉ. वसीम शेख, स्टोर प्रभारी प्रदीप नायक सहित समस्त स्टाफ ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चोपड़ा ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति तथा ‘सार्थक ऐप’ के माध्यम से नियमित हाजिरी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर व सम्मानजनक उपचार मिले।

सीएमएचओ ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष और रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों और एएनसी हितग्राहियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
चिकित्सकों की कमी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पद प्रदर्शित नहीं होने के कारण समस्या आ रही है, लेकिन शीघ्र समाधान के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए गार्ड की समस्या के समाधान हेतु संबंधित आउटसोर्स कंपनी से चर्चा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला स्तर से डीएचओ डॉ. देवेंद्र भायल, डॉ. हेमंत देवड़ा तथा डिप्टी एमईआईओ प्रेम डेनियल भी उपस्थित रहे।

