अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नज़र आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास की सुगम व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन से जुड़े सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षा केंद्रों और उनके आसपास के क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, वहीं सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला एवं पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

