बड़ा पनारा पुलिया क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और बंद लाइटों की मरम्मत की मांग, ग्रामीणों ने जताई चिंता | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 1 स्थित बड़ा पनारा पुलिया से बस्ती तक करीब 6 बिजली के पोल लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन पोलों को लगाए हुए लगभग 6 माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक इनमें स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई है। इससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने इन पोलों पर शीघ्र स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

वहीं दूसरी ओर, पनारा के वार्ड क्रमांक 1 हेटी मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से खराब पड़ी हैं। ग्रामीण शिवशंकर पन्द्रम ने बताया कि कई एलईडी लाइटें बंद हैं, जबकि कुछ लाइटें बार-बार चालू और बंद हो रही हैं। इसके कारण रात के समय क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती और लोगों को परेशानी होती है।

ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण सड़क किनारे झाड़ियां मौजूद हैं, जहां से अक्सर जहरीले जीव-जंतु निकलते रहते हैं। ऐसे में अंधेरा होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र में छोटे बच्चों और बुजुर्गों की संख्या भी अधिक है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नए लगाए गए पोलों पर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जाए तथा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से चालू कराया जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.