मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
खकनार पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस मामले में पहले ही पंजाब के एक अवैध हथियार तस्कर तथा ग्राम पाचौरी के एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, क्रय-विक्रय और परिवहन में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरसिंह कनेश के निर्देशन तथा एसडीओपी नेपानगर निर्भय सिंह अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खकनार निरीक्षक अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने 8 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बोरखेड़ा फाटा स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास से रणजीत पिता शंभूनाथ कुंज (32 वर्ष), निवासी पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल, 2 खाली मैगजीन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.48 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में रणजीत ने हथियार इंडिया उर्फ ईडा पिता अमरसिंह भिलाला, निवासी पाचौरी से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस ने 15 मई 2026 को ईडा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 देशी पिस्टल बरामद की थीं। ईडा ने पूछताछ में बताया था कि हथियार उसे हरदीप सिंह पिता तेहर सिंह जुनेजा, निवासी पाचौरी ने उपलब्ध कराए थे।
घटना के बाद से फरार चल रहे हरदीप सिंह पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 8 जून 2026 को सूचना मिलने पर खकनार पुलिस ने पांगरी फाटा से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हथियार सप्लाई करने का अपराध स्वीकार किया। आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ जारी है।

