साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरा-भाईंदर के पूनम सागर क्षेत्र में वंचित बहुजन आघाड़ी की ओर से ईद मिलन, स्नेहभोज, राष्ट्रीय एकता संदेश सभा एवं सर्वधर्म सद्भाव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों, जातियों और समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भाईचारे और एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वंचित बहुजन आघाड़ी, मीरा-भाईंदर शहर के अध्यक्ष इक़बाल महाडिक ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ईद उल अजहा के दौरान कुछ स्थानों पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की घटनाएं सामने आती हैं लेकिन मीरा-भाईंदर हमेशा से आपसी भाईचारे और शांति का प्रतीक रहा है। यहां की एकता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने “हम सब एक हैं” का संदेश देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करें तथा समाज में सौहार्द और एकजुटता बनाए रखें।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सभी धर्मों के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय संविधान के बंधुत्व, समानता और सामाजिक सौहार्द के मूल्यों पर भी ज़ोर दिया गया।

ईद मिलन समारोह के अवसर पर आयोजित स्नेहभोज में सभी समुदायों के लोग एक साथ शामिल हुए, जिससे आपसी प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश और अधिक मजबूत हुआ। उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को समाज में एकता और सद्भाव बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

