पुवायां तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस: लापरवाही पर सख्ती, दो अधिकारियों के निलंबन के निर्देश | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

पुवायां तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस: लापरवाही पर सख्ती, दो अधिकारियों के निलंबन के निर्देश | New India Times

शाहजहांपुर के पुवायां तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान भूमि पैमाइश मामलों में लापरवाही बरतने पर कानूनगो आदर्श तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता विद्युत पुनीत निगम के खिलाफ जिलाधिकारी ने निलंबन की कार्रवाई के निर्देश जारी किए। इस कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी ने राजस्व, विद्युत और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित शिकायतों का रविवार शाम 6 बजे तक निस्तारण कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से अवगत कराया जाए। साथ ही तहसीलदार और नायब तहसीलदार को निर्देशित किया गया कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में कुल 175 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 106, विद्युत की 19, पुलिस की 14, विकास विभाग की 22 और अन्य विभागों की 14 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों का मौके पर जाना अनिवार्य है और शिकायतकर्ता के साथ फोटो भी लिया जाए। उन्होंने सभी मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.