फरह गौ ग्राम में भव्य श्रीराम कथा का श्रद्धापूर्वक विश्राम, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य रहे उपस्थित | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

फरह गौ ग्राम में भव्य श्रीराम कथा का श्रद्धापूर्वक विश्राम, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई गणमान्य रहे उपस्थित | New India Times

फरह स्थित दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र (गौ ग्राम) में आयोजित श्रीराम कथा का गुरुवार को भव्य विश्राम हुआ। इस अवसर पर पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने राम-शबरी प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री व संघ पदाधिकारी शामिल हुए।

दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य श्रीराम कथा का सातवें दिन (सप्तम सोपान) पूर्ण श्रद्धा और जयघोष के साथ विश्राम हुआ। व्यासपीठ पर विराजमान पूज्यपाद निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के श्रीमुख से कथा का रसपान करने के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु ट्रैक्टर, बसों और पैदल यात्रा कर कथा पंडाल में पहुंचे।

इस पावन अवसर पर वक्ताओं ने सनातन धर्म, गौ सेवा और भगवान के आदर्शों पर ओजस्वी विचार व्यक्त किए।

शबरी के जूठे बेर और नवधा भक्ति का मार्मिक प्रसंग

व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने भगवान श्रीराम की महिमा और माता शबरी की भक्ति का अत्यंत मार्मिक प्रसंग सुनाया। महाराज श्री ने कहा,
“भगवान राम दया के सागर और परम भक्तवत्सल हैं। वनवास के दौरान जब प्रभु राम माता शबरी के आश्रम पहुंचे, तो उन्होंने शबरी के जूठे बेर प्रेम से खाकर यह सिद्ध कर दिया कि भगवान केवल भाव के भूखे होते हैं।”

वेदपाठी पवन दत्त मिश्र जी ने सनातन संस्कृति की महानता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी सनातन संस्कृति विश्व की श्रेष्ठ परंपरा है।

उपमुख्यमंत्री सहित कई गणमान्य रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज के चरणों में वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मथुरा की इस पावन धरती पर भव्य श्रीराम कथा का श्रवण करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने गौ ग्राम में चल रहे गौ सेवा के कार्यों और क्षेत्र के समग्र विकास की सराहना करते हुए इसका श्रेय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विशेषकर क्षेत्र प्रचारक महेंद्र जी के मार्गदर्शन को दिया।

प्रमुख रूप से उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री व वरिष्ठ विधायक मदन कौशिक, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और बाह (आगरा) की विधायक रानी पक्षालिका सिंह उपस्थित रहीं।

इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभिन्न पदाधिकारी, शिक्षाविद और समाजसेवी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पंछी पेठा (आगरा) की रजनी गोयल, केडी यूनिवर्सिटी के मनोज अग्रवाल, श्री बालाजी पब्लिकेशन (मुजफ्फरनगर) के प्रभात कुमार, मेरठ से मनिका शर्मा और बिजनौर से अमित गोयल सहित हजारों श्रद्धालु कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article