बिजली विभाग की लापरवाही से लगी आग, 10–12 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख; किसानों को भारी नुकसान | New India Times

शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

New India times

स्थानीय थाना क्षेत्र के बारी महेवा गांव में सोमवार दोपहर लगभग पौने एक बजे अचानक लगी आग ने तैयार गेहूं की फसलों को जलाकर राख कर दिया। इस घटना में लगभग 10 से 12 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के एक खेत में हार्वेस्टिंग का कार्य चल रहा था। तभी अचानक आग लगने की सूचना आसपास के किसानों को मिली। देखते ही देखते तेज हवा (पूर्वा) के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

किसान अब्दुल जब्बार खान ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग के जेई से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि यदि समय पर संपर्क हो जाता, तो बोरिंग के पानी से कुछ फसल को बचाया जा सकता था।

इस आगजनी में अब्दुल जब्बार खान की लगभग 6 बीघा, नरेश यादव की 1 बीघा, दिनेश यादव की डेढ़ बीघा तथा गोविंद यादव की डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।

सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं किसान दिनेश यादव के अनुसार, किसी किसान द्वारा कटी हुई फसल को जलाकर छोड़ देने से यह आग फैली, जो तेज हवा के चलते विकराल रूप ले बैठी।

घटना के बाद पीड़ित किसानों ने संबंधित अधिकारियों एवं जिलाधिकारी से मुआवजे की मांग की है, ताकि उनकी खेती में लगी लागत की भरपाई हो सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article