अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
थाना शाहजहाँनाबाद पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवा ओनीरेक्स बेचता हुआ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 211 शीशी मादक पदार्थ ओनीरेक्स बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 42,411 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अरबाजुद्दीन (30), निवासी बाग मुक्ती साहब, टीलाजमालपुरा, अपनी “सिफा मेडिकल” नामक दुकान से नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर यह दवा बेच रहा था। मुखबिर की सूचना पर 11 अप्रैल 2026 को पुलिस ने दबिश देकर दुकान की तलाशी ली, जहां दो पेटियों में रखी 211 शीशियां बरामद हुईं।
इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी और डीसीपी जोन-03 मयूर खंडेलवाल के निर्देश पर अंजाम दिया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित और सहायक पुलिस आयुक्त अनिल वाजपेयी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 एवं म.प्र. ड्रग्स नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से नशीली दवा की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाल सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही है।
पुलिस का कहना है कि शहर को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

