रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

फुटतालाब में आयोजित श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान जयंती उत्सव, जो सनातन धर्म के सबसे बड़े और वर्षों से लगातार आयोजित होने वाले उत्सवों में अपना विशेष स्थान बना चुका है, में सोमवार की शाम भक्ति से सराबोर रही। यह संध्या भारत के लोकप्रिय गायन शो इंडियन आइडल से प्रसिद्ध गायिका अरुणिता कांजीलाल के नाम रही।

अरुणिता कांजीलाल ने भगवान शिव को समर्पित भजन “सत्यम शिवम सुंदरम” से लेकर “एक राधा एक मीरा” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने करीब 2 घंटे तक अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

गायिका अरुणिता कांजीलाल ने कहा,
“सनातन धर्म को मजबूत करने वाले इस आयोजन में प्रस्तुति देना मेरे लिए गर्व का विषय है।” अरुणिता कांजीलाल को सुनने के लिए राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

आयोजन समिति के सदस्य एवं लोकप्रिय समाजसेवी सुरेश चंद्र जैन “पप्पू भैया”, युवा समाजसेवी राजेश “रिंकू” जैन एवं उनके परिवार ने अरुणिता कांजीलाल का भव्य स्वागत किया।
इससे पहले राइजिंग स्टार के रनर-अप बाल कलाकार अथर्व बख्शी और खुशी नागर ने अपने सुरों का जादू बिखेरा। उन्होंने “देवा श्री गणेशा” भजन से कार्यक्रम की शुरुआत की और कई भजनों की प्रस्तुति देते हुए “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ समापन किया।
श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान जयंती समिति के युवा सदस्यों और महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याओं—श्रीमती सीमा सुरेश चंद्र जैन, श्रीमती नीता राजेश जैन, पूजा जैन, पूर्वा जैन, अंतिम बाला जैन, बिन्नी जैन—के साथ हार्दिक कोठारी ने श्रद्धालुओं से 1 अप्रैल को आयोजित होने वाली भजन संध्या में शामिल होने का आग्रह किया। इस अवसर पर “सब तेरा साँवरिया सेठ, मेरा तो कुछ भी नहीं” से प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं टीआई दिनेश शर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण की भी प्रशंसनीय व्यवस्था की गई है।

