वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
पलिया पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दर्ज ब्राउन शुगर तस्करी मामले में दो मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। 8 मार्च 2026 को पलिया कोतवाली में दर्ज इस मामले में पुलिस ने पहले ही विक्की नेपाली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तथा उसकी अवैध संपत्ति को भी कुर्क किया जा चुका है। हालांकि, मामले के दो अन्य वांछित आरोपी रोहित महाजन और अनमोल गुप्ता अब तक कानून की पकड़ से बाहर हैं।
सूत्रों के अनुसार, पलिया पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की निगरानी टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं और उनके छिपे होने के हर संभावित स्थान पर छापेमारी की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन भी किया गया है, जो तकनीकी एवं जमीनी सूचनाओं के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
क्षेत्र में अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार को लेकर पहले भी कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं, लेकिन इस बार मुख्य आरोपियों का लंबे समय तक फरार रहना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय निवासियों में भी इस बात को लेकर चर्चा है कि आरोपी आखिर कब तक पुलिस को चकमा देते रहेंगे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही रोहित महाजन और अनमोल गुप्ता को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में फैल रहे नशे के जाल को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

