आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
प्रार्थी कमलेश सूर्यवंशी पिता नेमीचंद सूर्यवंशी, उम्र 37 वर्ष, निवासी साईधाम कॉलोनी सोनपुर रोड छिंदवाड़ा ने चौकी धरमटेकरी में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 27 फरवरी 2026 को रात करीब 9:35 बजे वह अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र से मोबाइल बिक्री की वसूली राशि लगभग 2,53,400 रुपये लेकर एक्टिवा (क्रमांक MP 28 SC-3824) से छिंदवाड़ा वापस लौट रहा था। वसूली की राशि उसने एक्टिवा की डिक्की में रखी हुई थी।
जब वह दिल्ली दरबार ढाबा, झिरी जमुनिया के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी एक कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित सड़क किनारे गिर गया। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग वहां पहुंचे। उनमें से एक व्यक्ति उसकी एक्टिवा, जिसकी डिक्की में नकदी रखी थी, लेकर छिंदवाड़ा-बनगांव रोड की ओर भाग गया।
अन्य आरोपी भी मोटरसाइकिल से उसी दिशा में फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट पर थाना कुण्डीपुरा में धारा 309(4) BNS के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थल और छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदेहियों की पहचान की।
जांच के दौरान आरोपी (1) रघु उर्फ यशवंत, (2) विजय अहरवार, (3) रामकुमार उर्फ मोनू वर्मा, (4) संदीप भलावी और (5) प्रद्युम्न उर्फ विस्तु वर्मा के अमरवाड़ा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के पास से 2,01,000 रुपये नकद, लूटी गई एक्टिवा (MP 28 SC-3824), घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक स्विफ्ट कार तथा 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

