अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एआईएमआईएम पार्टी के कार्यकर्ता ओसामा अंसारी की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि ओसामा अंसारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें सड़क पर पड़ी एक मृत गाय को कुत्तों द्वारा नोचते हुए दिखाया गया था। वीडियो में उन्होंने सवाल उठाया था कि ऐसी घटनाओं के समय गोरक्षक संगठन, नगर निगम और प्रशासन आखिर कहाँ होते हैं।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ओसामा अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।जिसके बाद एआईएमआईएम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि एक सामाजिक मुद्दा उठाने पर कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा करता है।
मोहसिन अली खान ने मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार से सवाल करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का शासन चलेगा या फिर कुछ फिरकापरस्त ताकतों का दबाव काम करेगा। मोहसिन अली खान ने बयान जारी कर कहा कि ओसामा अंसारी ने केवल व्यवस्था पर सवाल उठाया था, लेकिन उन्हें जेल भेज दिया गया। उन्हों ने अपनी नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि अगर इसी तरह हालात बने रहे तो देश में आगे चलकर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और अब्दुल हमीद जैसे महान व्यक्तित्व भी पैदा नहीं हो पाएंगे।
एआईएमआईएम ने मांग की है कि ओसामा अंसारी को जल्द से जल्द रिहा किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। मोहसिन अली खान का कहना है कि वह अपने कार्यकर्ता के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और उनके लिए न्याय की मांग जारी रखेंगे। उनका कहना है कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

