हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:
चुनार थाना क्षेत्र की सक्तेशगढ़ चौकी से चंद कदमों की दूरी पर धड़ल्ले से पटाखों की बिक्री की जा रही है। बताया जा रहा है कि इन दुकानों पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।
पटाखों की दुकानों पर न तो अग्निशमन यंत्र मौजूद हैं और न ही अन्य आवश्यक सेफ्टी उपकरण उपलब्ध हैं। नियमों को ताक पर रखकर पटाखों की बिक्री की जा रही है, जिससे किसी भी समय अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब कुछ पुलिस चौकी के नजदीक खुलेआम हो रहा है, जबकि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध रूप से संचालित पटाखों की दुकानें प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करती नजर आ रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।

